

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (SBFCI) द्वारा चलाए जा रहे 7 दिवसीय महा स्वच्छता जागरूकता अभियान ने शुक्रवार को रफ्तार पकड़ ली। अभियान के तहत आज SBFCI की लेडीज विंग कनकधारा की महिलाओं ने शहर के प्रमुख मॉल, अपार्टमेंट, पेट्रोल पंप और बाजारों में डोर-टू-डोर कैंपेन चलाया। इस दौरान महिलाओं की टोली ने दुकानदारों और आम नागरिकों को स्वच्छता जागरूकता के पोस्टर और लीफलेट वितरित किए और अपने घर-दुकान के आसपास सफाई रखने व कचरा डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित किया। वहीं दूसरी ओर SBFCI ने बाजार क्षेत्रों में फ्री डस्टबिन की आवश्यकता का असेसमेंट भी शुरू कर दिया है। सर्वे के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि किन बाजारों और दुकानों में डस्टबिन की सबसे ज्यादा जरूरत है, ताकि जरूरतमंद और असमर्थ दुकानदारों को चेंबर की ओर से मुफ्त डस्टबिन उपलब्ध कराया जा सके। गौरतलब है कि SBFCI का यह महा अभियान 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा से पहले शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना है।