सेल आईएसपी ने ग्रीन स्टील लक्ष्यों की दिशा में बढ़ाया महत्वपूर्ण कदम

सिन्टर प्लांट-1 में सीओ गैस इंजेक्शन सिस्टम का किया गया उद्घाटन
सेल आईएसपी ने ग्रीन स्टील लक्ष्यों की दिशा में बढ़ाया महत्वपूर्ण कदम
Published on

बर्नपुर : सेल इस्को स्टील प्लांट में मंगलवार को सिन्टर प्लांट-1 में सीओ गैस इंजेक्शन सिस्टम का उद्घाटन निदेशक प्रभारी (बर्नपुर एवं दुर्गापुर इस्पात संयंत्र) सुरजीत मिश्रा द्वारा किया गया। गौरतलब है कि सीओ गैस इंजेक्शन सिस्टम प्रणाली सिन्टर बेड में सहायक ईंधन के रूप में सीओ गैस के उपयोग को सक्षम बनाती है, जिससे प्रति टन सिन्टर उत्पादन में 1-1.5 किलोग्राम कोक ब्रीज की खपत में कमी आएगी। इसके साथ ही यह प्रणाली ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और सिन्टर गुणवत्ता सुधारने में भी सहायक सिद्ध होगी। साथ ही यह उपलब्धि सेल आईएसपी के निरंतर तकनीकी नवाचार, ऊर्जा दक्षता, और सतत विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक है। मौके पर मुख्य महाप्रबंधक (सिन्टर) अनिल कुमार ने बताया कि यह पहल सेल आईएसपी के डीकार्बोनाइजेशन और ग्रीन स्टील लक्ष्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट गैस उपयोग और टिकाऊ इस्पात उत्पादन के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उप महाप्रबंधक (सिन्टर प्लांट-मैकेनिकल) देबब्रत गोराई ने बताया कि इसमें थ्री पार्ट पर्जिंग सिस्टम, सोलनॉइड वाल्व और टाइमर आधारित नियंत्रण प्रणाली जैसी उन्नत सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं, जिससे संचालन निरंतर और सुरक्षित रहे। इस मौके पर कार्यकारी निदेशक (वर्क्स) विपिन कुमार सिंह, पंकज कुमार जिग्यासु (सहायक महाप्रबंधक, विद्युत), सदानंद मनोज (सहायक महाप्रबंधक, मैकेनिकल), अमित चौधरी (वरिष्ठ प्रबंधक, इंस्ट्रूमेंटेशन) एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in