

बर्नपुर: आईएसपी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत वार्ड 98 स्थित रांगापाड़ा के दो पार्टी कार्यालयों समेत कई अवैध निर्माणों को तोड़ दिया। आरोप है कि सेल आईएसपी पहले अपने क्वार्टर में अवैध रूप से रहने वालों को हटाए, उसके बाद अपना कार्रवाई करे। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि सेल आईएसपी के कुछ कर्मचारी अपना लाभ पूरा करने के लिए कई क्वार्टरों को भाड़ा में देकर मनमाना पैसा वसूल रहे हैं।
क्या कहा स्थानीय पार्षद ने
स्थानीय पार्षद कहकशां रियाज ने कहा कि ISP की तरफ से तीन दिन पहले ही कार्यालय खाली करने का नोटिस मिला था। नोटिस के बाद उन्होंने पहले ही पार्टी कार्यालय खाली कर दिया था। साथ ही कहा कि रांगापाड़ा में पानी की काफी समस्या है और यहां के स्थानीय लोग आईएसपी की धूल और धुआं खा रहे हैं। सेल आईएसपी इस पर भी ध्यान दे। विकास जरूरी है। विकास के साथ स्थानीय लोग का भी ध्यान रखा जाये।
पार्किंग शेड पर चला बुलडोजर
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ISP कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए बने शेड को भी तोड़ दिया गया। इस पर पूर्व माकपा पार्षद सुबोध सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। सुबोध सिंह ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से कहा कि यह पार्किंग शेड ISP के उच्च अधिकारियों की अनुमति से ही बनाया गया था। इसमें अभी भी ISP के कई कर्मचारियों के वाहन पार्क हैं। उन्होंने कहा कि इस पार्किंग को तोड़ने का कोई नोटिस भी नहीं मिला था।