

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : कहते हैं कि कभी कभी किया गया अच्छा काम भी बुरा हो जाता है, कुछ ऐसा ही हाल पूर्व बर्दवान जिला में देखने को मिला। जानकारी के अनुसार सड़क पर अचानक आए सांप को बचाने के लिए जब एक कंटेनर के ड्राइवर ने ब्रेक लगाए, तो उसके पीछे आ रही सरकारी बस उससे टकरा गई, जिससे 10 लोग घायल हो गए। यह हादसा पूर्व बर्दवान जिले के भातार इलाके के अलीनगर में हुआ। घायलों का इलाज भातार स्टेट जनरल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बादशाही रोड से होते हुए बर्दवान की ओर जा रहे एक कंटेनर के ड्राइवर ने सामने सांप देखा और उसे बचाने के लिए अचानक ब्रेक दबा दिया। इस वजह से कंटेनर के ठीक पीछे आ रही दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर कंटेनर के पीछे टकरा गई। घटना में बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बचाकर इलाज के लिए भातार स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया। हादसे के कारण बादशाही रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने स्थिति को संभालकर बहाल कराया।