तृणमूल नेता की रहस्यमय मौत को लेकर मचा बवाल

बागानबाड़ी से शव बरामद होने के बाद हत्या का आरोप
तृणमूल नेता की रहस्यमय मौत को लेकर मचा बवाल
Published on

दुर्गापुर : दुर्गापुर में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की रहस्यमय मौत से हड़कंप मच गया। शनिवार को तृणमूल नेता का शव बागानबाड़ी से संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान 64 वर्षीय निखिल नायक के रूप हुई जो कमलपुर निवासी थे। दुर्गापुर थाना की पुलिस भारी बल और कॉम्बैट फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। वहीं शव को देखने के बाद स्थानीय लोग भड़क उठे और हत्या का आरोप लगाया।

हत्या के बाद शव को लटकाने का आरोप

इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि निखिल नायक अच्छे आयोजक और मिलनसार व्यक्ति थे। वे अक्सर बागानबाड़ी में जाया करते थे। आरोप है कि उनका शव जमीन को छू रहा था और पास ही खाने का सामान भी पड़ा था। उन्हें पहले मारा गया और फिर फंदे से लटका दिया गया। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक मंत्री प्रदीप मजूमदार मौके पर नहीं पहुंचते और अभियुक्तों की गिरफ्तारी प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक शव उठाने नहीं देंगे। वहीं घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव फैल गया। इस दौरान पुलिस ने हालात को काबू में रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया है। सूचना पाकर डीसी अभिषेक गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। इस मौके पर डीसी अभिषेक गुप्ता ने बताया कि इलाके में एक व्यक्ति के शव को बरामद होने की जानकारी मिली थी। इस दौरान पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एक एंगल से मामले की जांच कर रही है। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे मंत्री प्रदीप मजूमदार ने कहा कि निखिल नायक तृणमूल के वरिष्ठ नेता थे। वे एक समाज सेवक भी थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in