

सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से बक्सर-टाटा एक्सप्रेस ट्रेन में विदेशी शराब ले जा रहे दो युवकों को पकड़ा गया। आरपीएफ की विशेष कार्रवाई के दौरान दोनों के पास से चार बैग बरामद किए गए, जिनकी तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में बोतलबंद शराब और लगभग 34 कैन बीयर मिलने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर दोनों युवक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर बक्सर-टाटा एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान आरपीएफ पोस्ट के अधिकारियों और जवानों ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को रोककर पूछताछ की। इसके बाद उनके पास मौजूद चार बैग की तलाशी ली गई, जिसमें शराब बरामद हुई।
इस पूरी कार्रवाई में आरपीएफ की भूमिका अहम रही। गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध युवकों को पकड़कर शराब की बरामदगी की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए दोनों युवकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुरुलिया जीआरपी थाना पुलिस के हवाले किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जीआरपी करेगी। शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।