

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर ने जीआरपी के साथ मिलकर बर्नपुर स्टेशन और यार्ड में ऑपरेशन जन जागरण के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया। यह अभियान आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर के प्रभारी एके गोराई के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने बैनर, मेगाफोन और यात्रियों से सीधे संवाद के जरिए रेल सुरक्षा को लेकर जागरूक किया।
यात्रियों को दी गईं ये प्रमुख सलाह
अभियान के दौरान यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार न करने, बिना उचित कारण चेन पुलिंग न करने, अनजान व्यक्ति से खाने-पीने का सामान न लेने, मानव तस्करी के प्रति सतर्क रहने, यात्रा के दौरान चोरी से बचने के लिए सतर्क रहने और ट्रेनों पर पत्थरबाजी न करने के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही लेवल क्रॉसिंग गेट पार करते समय सावधानी बरतने, रेलवे ट्रैक के पास सेल्फी न लेने, ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करने, बच्चों, वृद्ध और महिला यात्रियों की मदद करने और रेल संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की अपील की गई। आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर के प्रभारी एके गोराई ने यात्रियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस सामान की सूचना तुरंत आरपीएफ/जीआरपी को दें। साथ ही बताया कि सुरक्षा संबंधी किसी भी सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करे।