

मुर्शिदाबाद : कांदी नगरपालिका के चेयरमैन जयदेव घटक ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने शनिवार दोपहर कांदी अनुमंडल अधिकारी प्रदीप्त विश्वास को अपना इस्तीफा सौंपा। उल्लेखनीय है कि 2022 के म्युनिसिपल चुनाव में तृणमूल ने 18 में से 16 सीटें जीती थीं। बाकी दो पर निर्दलियों ने कब्जा किया था। जयदेव घटक कांदी नगरपालिका के चेयरमैन बने थे। वहीं 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांदी विधानसभा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। तृणमूल उम्मीदवार अपूर्व सरकार हार गए। तृणमूल की हार के बाद कांदी नगरपालिका में भी अशांति शुरू हो गई। अब चेयरमैन के इस्तीफे से बोर्ड गिरने का खतरा पैदा हो गया है। इस्तीफा देने के बाद जयदेव ने कहा कि शहर के लोगों ने साढ़े चार साल तक उन पर भरोसा किया और विश्वास किया। वहीं विधानसभा चुनाव में शहर में पार्टी की हार के कारण उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए चेयरमैन के पद से हटने का फैसला ले लिया है। जयदेव के अचानक इस्तीफे को लेकर कांदी के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बार कांदी शहर की प्रशासनिक जिम्मेदारी कौन संभालेगा, अगला चेयरमैन कौन होगा, इसे लेकर अटकलें लगानी शुरू हो गई है। फिलहाल, सभी को प्रशासन के अगले निर्देश का इंतजार है।