

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी प्रशासनिक बैठक के साथ अन्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दुर्गापुर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा जरूरी सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बीच डीवीसी बस्ती के प्रभावित लोगों को भी मुख्यमंत्री से अनेक सारी अपेक्षाएं हैं। दुर्गापुर में डीवीसी बस्ती के प्रभावित लोग मुख्यमंत्री से पुनर्वास की व्यवस्था का आवेदन कर सकते हैं। अखिल भारतीय मतुआ महासंघ के जिला युवा अध्यक्ष अरिंदम नायक ने बताया कि चुनाव से पहले वादा किया गया था कि बस्ती में रहने वाले लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी। उसी भरोसे और उम्मीद के साथ डीवीसी बस्ती के प्रभावित लोग सीएम के सामने अपनी विनम्र अपील रखना चाहते हैं। इस दौरान बस्ती में रहने वाले गरीब और असहाय परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों में अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। रोजमर्रा की परेशानियों से जूझते हुए वे किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्हें भी एक सुरक्षित घर और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले। इन गरीब और असहाय परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके पुनर्वास की उचित व्यवस्था करवाने की कृपा करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस पहल से कई गरीब परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां आ सकती हैं। हम सभी आपके इस सहयोग के लिए सदैव आभारी रहेंगे।