

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता
रानीगंज : रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली के तत्वावधान में रविवार को 'ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट' का भव्य आयोजन किया गया। पश्चिम बर्दवान शतरंज संस्था के संयुक्त सहयोग तथा सारा बांग्ला शतरंज संस्था के संरक्षण में स्पोर्ट्स असेंबली बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन रानीगंज थाना के आईसी पार्थ घोष ने किया। टूर्नामेंट में कोलकाता, पूर्व बर्दवान, सिउड़ी, दुर्गापुर, रूपनारायणपुर, धनबाद और आसपास के अन्य क्षेत्रों से लगभग 135 से अधिक प्रतियोगियों ने शिरकत की। प्रतियोगिता की सफलता पर रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली के अध्यक्ष सौरभ खेतान ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य शतरंज के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाना और एक बेहतर मंच प्रदान करना था। उम्मीद से अधिक संख्या में पहुंचे खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस प्रतियोगिता को एक अलग पहचान दी। वहीं प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण भरतिया एवं स्मित झुनझुनवाला ने कहा कि असेंबली हमेशा से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है। इस भव्य आयोजन के दौरान स्पोर्ट्स असेंबली के सचिव श्रवण कानोडिया, कोषाध्यक्ष सतीश बागारिया, स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्य साकेत सराफ सहित संस्था के कई अन्य पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आखिर में चेस टूर्नामेंट में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया गया। आत्रेय नंदी ने ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट में प्रथम, ईशान दत्त ने द्वितीय और स्नेहित राज सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उन्हें क्रमशः 5, 3 और 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कुल मिलाकर टूर्नामेंट में प्रथम 15 में जगह बनाने वाले प्रतियोगियों को नगद पुरस्कार राशि दी गई। समारोह में पश्चिम बर्दवान चेस एसोसिएशन के सचिव तथा सारा बांग्ला चेस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सुब्रत चटर्जी, पश्चिम बर्दवान चेस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेश शर्मा और उपाध्यक्ष राम चटर्जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा खेल जगत और आयोजन समिति से जुड़े प्रमुख सदस्यों में अनीश पोद्दार, बंटी चौधरी, जेपी मुरारका, सौरव खेतान भी मौजूद थे।