

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : बीजेपी, एबीवीपी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा आसनसोल सांगठनिक जिला की तरफ से कॉक्रोच जनता पार्टी ( सीजेपी ) के खिलाफ में रैली निकाली गई। बता दें कि यह रैली आसनसोल के रवींद्र भवन से निकलकर सीजेपी के खिलाफ देशद्रोही का नारा लगाते हुये आसनसोल बस स्टैण्ड के पास आकर समाप्त हुई। मौके पर रैली में शामिल लोगों ने कहा कि वे विद्यार्थियों के साथ हैं पर सीजेपी जिस तरह से राष्ट्र को नुकसान पहुंचा रही है, वे उसके खिलाफ हैं। मौके पर जिला कमेटी सचिव अभिजीत रॉय एवं बीजेवाईएम जिला उपाध्यक्ष गौरव बनर्जी ने कहा कि छात्र आंदोलन को केंद्र कर कुछ बाहरी शक्तियां नक्सलवाद और देशद्रोहियों को बढ़ावा दे रही हैं जो देश के हित में सही नहीं है। सीजेपी देशद्रोही एवं अन-ऑथराइज्ड पार्टी है और वह राष्ट्र द्रोह का काम कर रही है। राष्ट्र की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, इसी के खिलाफ रैली निकाली गई है। साथ ही कहा कि वे विद्यार्थियों के साथ हैं और हमेशा रहेंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अभय बर्णवाल, जिला महामंत्री अपूर्व हाजरा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिक मंडल, जिला महासचिव अभिराज शर्मा, सोनू यादव, जिला उपाध्यक्ष शपा रॉय सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।