राजस्थान घूमने का प्लान बनाना पड़ा महंगा

साइबर बदमाशों ने उड़ाये 3,79,000 रुपये
राजस्थान घूमने का प्लान बनाना पड़ा महंगा
Published on

आसनसोल : आसनसोल निवासी को राजस्थान टूरिज्म ऑफिस की लोकेशन गूगल वेबसाइट में सर्च करना पड़ा भारी। गौरतलब है कि घूमने का प्लान और अपॉइंटमेंट बुक करने को लेकर साइबर अपराधियों ने आसनसोल निवासी श्यामलेंदु चटर्जी को अपने जाल में फंसाकर 3,79,000 रुपये का चूना लगाया। पीड़ित ने आसनसोल साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई और आसनसोल साइबर थाना ने बीएनएस 318(4), 319(2), 336(3), 340(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरी घटना

पीड़ित श्यामलेंदु चटर्जी ने बताया कि 13 फरवरी को वे अपने मोबाइल फोन में राजस्थान टूरिज्म ऑफिस के लोकेशन के लिए गूगल वेबसाइट सर्च कर रहे थे। वहीं गूगल से एक नंबर मिला, जिसमें राजस्थान टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन का जिक्र था, जो 2 बेंटिंक स्ट्रीट, ओरिएंट्स सिनेमा के सामने बो बैरक, कोलकाता-700072 पर है। इसके बाद उन्होंने उसी दिन शाम 5 :30 बजे उस नंबर पर कॉल किया और अपना टूर प्लान उन्हें बताया। इसके बाद उन्होंने अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए कहा तो उनके प्रपोजल को मना कर उनके कॉल को काट दिया गया। बाद में फिर से एक अनजान कॉल आया और उनके टूर प्लान के बारे में पूछने के बाद रजिस्ट्रेशन के लिए 2 रुपये जमा करने के लिए कहा तो पेमेंट करने से मना कर कॉल काट दिया।

बात करने के दौरान मोबाइल हुआ खराब

पीड़ित ने बताया कि जब साइबर बदमाशों ने उन्हें फोन किया तो उनका मोबाइल फोन गर्म हो गया और धीमा हो गया था, साथ ही बैटरी भी बहुत तेजी से डिस्चार्ज हो गई। इसके बाद उन्होंने 16 फरवरी को मोबाइल रिपेयर के लिए भेजा और अगले ही दिन 17 फरवरी को अपना फोन ले लिया। वहीं 17 फरवरी को जब उन्होंने अपना फोन चेक किया तो देखा कि उनके नंबर पर बहुत सारे मैसेज आए थे। मैसेज देखने के बाद पाया कि उनके बंधन बैंक अकाउंट से 3,79,000 रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है तो उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in