

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल/कोलकाता: पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने पूर्व रेलवे मुख्यालय, कोलकाता में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अधिकारियों के साथ बैठक की। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ सतीश झा ने ईसीएल के महाप्रबंधक (विपणन एवं बिक्री) हिमांशु प्रताप सिंह के साथ पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, मुख्य माल यातायात प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान विद्युत गृहों के लिए कोयला लदान बढ़ाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। ईसीएल की साइडिंग से कोयला लदान में वृद्धि के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। ईसीएल के प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि धर्मकांटों (वजन पुलों) को सुचारु रूप से चालू रखने को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, निर्धारित क्षमता से अधिक कोयला लदान के मामलों में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का भी आश्वासन दिया गया। पूर्व रेलवे एवं ईसीएल दोनों ने आपसी समन्वय को और मजबूत करने तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में सहमति व्यक्त की गई कि इन प्रयासों से कोयला लदान में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा समग्र परिचालन दक्षता में सुधार आएगा।