पुरुलिया स्टेशन पर 16.26 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

8.13 लाख रुपये का माल जब्त
बरामद गांजा व गिरफ्तार अभियुक्त की जानकारी देते आरपीएफ अधिकारी
बरामद गांजा व गिरफ्तार अभियुक्त की जानकारी देते आरपीएफ अधिकारी
Published on: 

पुरुलिया : आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरुलिया रेलवे स्टेशन से 16.26 किलोग्राम संदिग्ध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 13 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के रहने वाले रामजी पाल (31) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को आरपीएफ पोस्ट पुरुलिया के प्रभारी एसके तिवारी को आरपीएफ विशेष टास्क टीम-बी, आद्रा में कार्यरत एसआई बाबलू कुमार से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 18183 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में एक यात्री के पास संदिग्ध मादक पदार्थ हो सकता है। ट्रेन के पुरुलिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुंचते ही आरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने जांच शुरू की। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आया। पूछताछ में उसने प्लेटफॉर्म पर ऊपर सामान रखने वाले रैक में रखे काले रंग के ट्रॉली बैग की ओर इशारा किया। आरपीएफ ने युवक को ट्रॉली बैग समेत ट्रेन से उतारकर जांच की। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बैग खोला गया। तलाशी के दौरान भूरे रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 16 पैकेट बरामद हुए। एक पैकेट को खोलकर अंदर मौजूद सामग्री की जांच की गई, जिसके बाद उसे गांजा होने का संदेह जताया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल मात्रा 16.26 किलोग्राम निकली। पूरी जब्ती और वजन की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। जीआरपीएस पुरुलिया ने इस मामले में केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)B के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट पुरुलिया के आईपीएफ एसके तिवारी, एसआई अजीत कुमार, एसआई वीके पांडेय, एएसआई बी. कुमार, हेड कांस्टेबल डी. परमानिक, कांस्टेबल एम. पॉल तथा स्पेशल टास्क टीम-बी, आद्रा के एसआई बाबलू कुमार, हेड कांस्टेबल पी. बनर्जी और कांस्टेबल हेमराज मीणा शामिल रहे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in