मुआवजे की मांग पर बीडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन

अखिल भारतीय किसान सभा ने किया प्रदर्शन
मुआवजे की मांग पर बीडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन
Published on: 

​बर्दवान : असमय बारिश से क्षतिग्रस्त किसानों को उचित मुआवजा देने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में वास्तविक लाभार्थियों को तुरंत सरकारी सुविधाएं प्रदान करने की मांग को लेकर बुधवार को खंडघोष बीडीओ कार्यालय में अखिल भारतीय किसान सभा की खंडघोष ब्लॉक समिति ने प्रतिनिधिमंडल (डेपुटेशन) सौंपा। इस दिन संगठन के नेता-कार्यकर्ता जुलूस निकालकर बीडीओ कार्यालय पहुंचे। वहां नेतृत्व ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में किसान नेता बिनोद घोष, मिर्जा अख्तर अली समेत अन्य नेता उपस्थित थे। ​किसान सभा का दावा है कि ''आकवान'' के प्रकोप से हुई असमय बारिश के कारण खंडघोष ब्लॉक के सभी मौजों में खरीफ फसल (मुख्यतः खास धान), हाल ही में लगाई गई आलू और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है। संगठन का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से फसलों का उचित मूल्य न मिलने और एक के बाद एक प्राकृतिक आपदाओं से उत्पादित फसल नष्ट होने के कारण किसानों की आर्थिक बदहाली गंभीर हो गई है। उनका आरोप है कि खंडघोष ब्लॉक की अर्थव्यवस्था पूरी तरह कृषि पर निर्भर होने के कारण इस असमय बारिश से फसलों के नुकसान ने किसानों को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। ​कृषिजीवी लोगों के हित में संगठन की ओर से ज्ञापन में निम्नलिखित छह सूत्री मांगों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। उनकी मांग है कि वास्तविक रूप से क्षतिग्रस्त किसानों के लिए उचित मुआवज़े की व्यवस्था करनी होगी। फसल बीमा के आवेदन सहित कृषि क्षेत्र में अन्य सरकारी सहायता की डिजिटल प्रक्रिया को सभी वर्ग के किसानों के लिए सरल बनाना होगा। अन्नपूर्णा योजना सहित अन्य सामाजिक योजनाओं में वंचित वास्तविक लाभार्थियों को तुरंत शामिल करना होगा। "वीबी-जी राम जी" की 125 दिनों की कार्य योजना में सभी जॉब कार्ड धारकों का काम सुनिश्चित करना एवं गांवों की जर्जर सड़कों की तुरंत मरम्मत की व्यवस्था करनी होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News