गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत के विरोध में प्रदर्शन

पश्चिम बर्दवान जिला महिला कांग्रेस एवं असंगठित श्रमिक कांग्रेस ने संयुक्त रूप से विरोध किया प्रदर्शन
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत के विरोध में प्रदर्शन
Published on

आसनसोल : आसनसोल बीएनआर मोड़ के पास कांग्रेस ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत के विरोध में प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि पश्चिम बर्दवान जिला महिला कांग्रेस एवं असंगठित श्रमिक कांग्रेस ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन करते हुए गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। वहीं अर्थी के सामने चूल्हा जलाकर उस पर खिचड़ी पकाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के कारण आम लोगों के लिए गैस पर खाना बनाना मुश्किल होता जा रहा है, इसलिए लोग मजबूर होकर फिर से पारंपरिक चूल्हे का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं। मौके पर कांग्रेस नेत्री श्रीलता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे आम परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुइतंडी ने कहा कि पिछले कई वर्षों में केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम लोगों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ा है। गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि ने आम लोगों की जेब पर सीधा असर डाला है। आगे कहा कि सरकार की कई योजनाएं और दावे जमीनी स्तर पर सफल होते नहीं दिख रहे हैं, जबकि महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मौके पर शाहआलम खान, एसएम मुस्तफा, दीपमाला पाल, मीथू सिंह, अनिंदिता शर्मा, अपराजिता शर्मा सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in