

कुल्टी : टेंडर पास होने के बावजूद अब तक कुल्टी क्षेत्र के नियामतपुर छठ घाट का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इसे लेकर प्रक्रिया शुरू की गयी है। उल्लेखनीय है कि कुल्टी के भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने नियामतपुर तालाब स्थित छठ घाट निर्माण को लेकर विधायक फंड से 5 लाख रुपये की राशि प्रदान किया था। इसे लेकर टेंडर एवं वर्क आर्डर मिलने के बाद भी अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद पार्टी नेता टिंकु वर्मा ने नियामतपुर छठ घाट निर्माण शुरू करने को लेकर प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने छठ कमेटी के अध्यक्ष एवं सदस्यों के अलावा ठेकेदार को लेकर नियामतपुर तालाब स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार की जीत के बाद क्षेत्र में युद्ध स्तर पर विकास कार्य किया जायेगा। वहीं कहा कि विधानसभा चुनाव के पूर्व आसनसोल नगर निगम की ओर से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सड़क निर्माण, पानी टंकी सहित कई योजनाओं को पूरा करने हेतु नारियल फोड़कर शिलान्यास किया गया था। उन योजनाओं को पूरा करने को लेकर भाजपा की ओर से नगर निगम पर दबाव बनाया जायेगा। टिंकु वर्मा ने कहा कि कुल्टी क्षेत्र में जिन विकास कार्यों को लेकर टेंडर पास हो गया और वर्क आर्डर मिल गया है, उन्हें शीघ्र पूरा करना होगा। अब विकास में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।