प्री-वेडिंग शूट के लिए जा रही कार दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत और 4 घायल

दूल्हा-दुल्हन सुरक्षित
दुर्घटनाग्रस्त कार
दुर्घटनाग्रस्त कार
Published on: 

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बर्दवान: ​मंगलवार को पूर्व बर्दवान जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बर्दवान-सिउड़ी 114-ए राष्ट्रीय राजमार्ग पर झरना मोड़ के पास उस वक्त हुआ, जब एक कार प्री-वेडिंग फोटो शूट के लिए बोलपुर जा रही थी। इस भीषण हादसे में होने वाले दूल्हा और दुल्हन बाल-बाल बच गए।

​कैसे हुआ हादसा?

​पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पूर्व बर्दवान जिले के कोयरापुर इलाके से छह सवारों को लेकर बोलपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में झरना मोड़ के पास अचानक सड़क पर एक बकरा आ गया। बकरे को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।

​अनियंत्रित कार ने सामने (गुसकरा की ओर) से आ रहे एक बाइक सवार को टक्कर मार दी और सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा पलटी।

​घटना की सूचना मिलते ही भातार थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। ​मृतकों में ​सुदेव घोष (28) है जो मशाग्राम स्टेशन बाजार क्षेत्र का निवासी है। ​शेख नवाज (26) कमलसायर क्षेत्र, ​साधुजमाल शाह (43) ओड़ग्राम क्षेत्र का निवासी है। बता दें कि कार में सवार दूल्हा-दुल्हन सहित अन्य 4 लोगों को इलाज के लिए बर्दवान के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

​दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को पहले गुसकरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। हालांकि, तीन लोगों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ​पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in