

आसनसोल : कमिश्नरेट क्षेत्र में आपसी सद्भाव बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। यह बात आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। उन्होंने बताया कि बांकुड़ा के आचुरिया हाट से मवेशी खरीदकर घर जा रहे कुछ लोगों को दुर्गापुर के कोक ओवेन थाना क्षेत्र में गैमन ब्रिज के पास भाजयुमो नेता परिजात गांगुली, दीपक दास और उनके 15 समर्थकों ने रोक लिया। इन लोगों ने अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने जांच में पाया गया है कि पीड़ितों के पास मवेशी खरीद से जुड़े सभी वैध दस्तावेज थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अब तक दीपक दास और अनीस भट्टाचार्य नामक दो लोगों को गिरफ्तार किया है।सीपी सुनील कुमार चौधरी ने मीडिया के माध्यम से सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है, और भविष्य में भी कोई अगर आपसी सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ पुलिस कठोर कदम उठाएगी।
क्या है पूरा मामला
गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पशु-तस्करी का आरोप लगाकर अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोगों के साथ मारपीट की थी। यह घटना गुरुवार को दुर्गापुर के गेमन ब्रिज इलाके में हुई थी, जहां एक पशु वाहन को जबरन रोका गया और वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि एक पिकअप वैन में कुछ किसान हाट आचुरिया से गाय लेकर जेमुआ इलाके की ओर जा रहे थे, तभी भाजपा के युवा नेता पारिजात गांगूली के नेतृत्व में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को जबरन रोक दिया था। आरोप है कि वाहन ड्राइवर को जबरन नीचे उतारा गया और वाहन में मौजूद लोगों को लाठी से पीटा गया। मारपीट के दौरान कुछ लोगों के हाथ बांध दिए गए थे और कान पकड़वाकर सरेआम अत्याचार किया गया था। वहीं घटना के समय गाय के पैर से बंधन भी खोल दिए गए थे। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया था।