पश्चिम बर्धमान जिला परिषद के मेंटर समेत 2 लोगों पर कसा पुलिस का शिकंजा

कोलियरियों में डीओ होल्डर्स से रंगदारी वसूलने का मामला
पुलिस हिरासत में लिये गये कंचन मित्रा
पुलिस हिरासत में लिये गये कंचन मित्रा
Published on

अंडाल : कोयलांचल के अंडाल, पांडवेश्वर और फरीदपुर थाना क्षेत्रों में ECL की विभिन्न कोलियरियों से रोड सेल (DO) कोयला लोडिंग और लिफ्टिंग के नाम पर रंगदारी वसूलने वाले सक्रिय कोयला सिंडिकेट के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट एक्शन मॉड में है। इस कड़ी में अंडाल थाना की पुलिस ने डीओ होल्डर्स से रंगदारी मांगने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता और पश्चिम बर्धमान जिला परिषद के मेंटर जगपति मित्रा उर्फ कंचन मित्रा समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए दूसरे अभियुक्त का नाम मोहम्मद मुज्जफिर हुसैन है। यह कार्रवाई रानीगंज कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन की शिकायत पर की गई है। जानकारी के अनुसार एसोसिएशन की ओर से अंडाल थाने में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (केस संख्या- 135/26) दर्ज कराई गई थी। लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आ गई और दोनों को दबोच लिया। आरोप है कि कोलियरियों से कोयला उठाने वाले डीओ होल्डर्स और व्यापारियों को डरा-धमकाकर रंगदारी मांग रहे हैं। वहीं जो व्यापारी रकम देने से इनकार करता है, उसे लोडिंग और लिफ्टिंग में बाधा पहुंचाई जाती है।

जांच जारी है, किसी को बख्शा नहीं जाएगा : एसीपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी खुद इस पर नजर बनाए हुए हैं। अंडाल डिवीजन के एसीपी (ACP) दीप कुमार दास ने बताया, "कोयला व्यापारियों से रंगदारी मांगने की लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।"वहीं पश्चिम बर्धमान जिला परिषद के मेंटर और सत्तारूढ़ दल के नेता कंचन मित्रा पर पुलिसिया शिकंजा कसने के बाद से इलाके के राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in