

आसनसोल : आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के गिरजामोड़ में पुलिस और डीडी टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है। बता दें कि अभियान के दौरान एक टोटो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 34 ग्राम ब्राउन शुगर और लगभग 1.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम नवाब अली एवं नवाब खान हैं। इसमें नवाब अली मुर्शिदाबाद जिले एवं नवाब खान बर्नपुर का निवासी है। उन्हें बुधवार को आसनसोल जिला अदालत के ADJ तृतीय कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने इसके पूरे गिरोह को पकड़ने, शहर में और भी छिपे नशीले पदार्थों की बरामदगी सहित उक्त मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए उन्हें पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्तों की जमानत अर्जी रद्दकर उसे 5 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया।
क्या है घटना
पुलिस सूत्रों के अनुसार डीडी टीम को सूचना मिली कि मुर्शिदाबाद से ब्राउन शुगर आसनसोल आने वाला है। पुलिस एवं नारकोटिक्स विभाग एवं डीडी के अधिकारी पहले से सतर्क थे। उन्हें फिर से सूचना मिली कि वह नशीला पदार्थ टोटो से आलमनगर से रेलपार की ओर जा रहा है। वहीं डीडी टीम ने गिरजा मोड़ पर टोटो को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दो लोग टोटो से जा रहे थे, उन्हें घेर लिया गया। मौके पर टोटो ड्राइवर ने बताया कि वह रेलपार आलम नगर निवासी नवाब को छोड़ने जा रहा था, जिसने बीमारी का बहाना बनाकर उसे आलम नगर चलने को कहा था। वहीं नशीले पदार्थ और नकदी मिलने के बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह ब्राउन शुगर सप्लाई का नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी सटीक जानकारी पर इस गिरोह को रंगे हाथों दबोचा गया।