

आसनसोल : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक, प्रदूषण, एमवीआई एवं ट्रांसपोर्ट डायरेक्टोरेट द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ उषाग्राम (मुर्गासोल) इलाके में स्थित दुकानों में छापेमारी अभियान चलाया गया। गौरतलब है कि छापेमारी अभियान के दौरान आसपास के कई दुकानदार पुलिस को देखते ही दुकान बंदकर फरार हो गये। वहीं अभियान के दौरान एक दुकान से 19 और दूसरी दुकान से 12 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किये गये। मौके पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी ट्रैफिक (हेडक्वार्टर) विश्वजीत साहा ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान चलाते हुये बाइक स्पेयर पार्ट्स की दो दुकानों में अभियान चलाया गया और वहां से 31 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किये गये। आगे बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ ट्रैफिक विभाग लंबे समय से अभियान चला रहा है। उन्हें सूचना मिली थी कि मुर्गासोल की कई दुकानों में मॉडिफाइड साइलेंसर की बिक्री की जा रही है। छापेमारी के दौरान वहां मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गये। उन्होंने कहा कि दो दुकानों के मालिकों ने सहयोग किया और उन्होंने खुद मॉडिफाइड साइलेंसर को ट्रैफिक एवं प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया। इस मौके पर आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड प्रभारी चिरणजीव गुहा रॉय, हीरापुर ट्रैफिक गार्ड प्रभारी अमीनूर रहमान खान, प्रदूषण, एमवीआई एवं ट्रांसपोर्ट डायरेक्टोरेट के अधिकारी मौजूद थे।
क्यों चला बाइक्स के पार्ट्स बेचने वाले दुकानों में अभियान ?
इस संबंध में एसीपी ट्रैफिक (हेडक्वार्टर) विश्वजीत साहा ने बताया कि आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग की तरफ से मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बाइकों के खिलाफ भी विशेष रूप से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को हुई छापेमारी अभियान के पहले हीरापुर, साउथ, साउथ पीपी एवं नॉर्थ ट्रैफिक गार्ड के कई इलाकों में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली करीब 40 बाइकों को रोक कर साइलेंसर खोल कर जब्त करने के साथ साथ ही उनका चालान भी काटा गया था। पुलिस द्वारा पूछताछ में कुछ बाइकरों ने बताया था कि उन्होंने मॉडिफाइड साइलेंसर मुर्गासोल स्थित दुकानों से उसे खरीदा था। उक्त सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान में उतर गयी।