

दुर्गापुर : दुर्गापुर सिटी सेंटर स्थित अड्डा कार्यालय में कुछ दिनों पहले ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बैठक की गई थी। वहीं जाम एवं वाहनों की पार्किंग को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद से ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है। वहीं शहर की सड़कों पर दौड़ती बाइकों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर के शोर से परेशान नागरिकों को राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। उल्लेखनीय है कि पिछले काफी समय से स्थानीय लोगों विशेषकर बुजुर्गों और मरीजों की ओर से यह शिकायत आ रही थी कि रात के समय तेज आवाज वाले साइलेंसर के कारण ध्वनि प्रदूषण असहनीय स्तर पर पहुंच गया है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस की टीम ने ट्रंक रोड स्थित ऑटो पार्ट्स और बाइक एक्सेसरीज की दुकानों पर औचक छापामारी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व कर रहे एसीपी (ट्रैफिक) राजकुमार मालाकार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ट्रंक रोड इलाके की दुकानों की गहनता से जांच की और उन्हें गाइड लाइन की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस ने दुकान मालिकों को स्पष्ट हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में नियमों के विरुद्ध जाकर ऐसे साइलेंसर पाइप की बिक्री न करें जो मानकों से अधिक शोर पैदा करते हों। वहीं पुलिस अधिकारियों ने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि यदि भविष्य में किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित साइलेंसर बिकते पाए गए तो संबंधित दुकान मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। एसीपी राजकुमार मालाकार ने बताया कि शहर में शांति बनाए रखने और प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि न केवल विक्रेताओं, बल्कि ऐसे साइलेंसर का उपयोग करने वाले बाइक सवारों के खिलाफ भी धर-पकड़ जारी रहेगी। प्रशासन और पुलिस की इस सक्रियता से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। अभियान के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने कहा कि पुलिस नियमित रूप से इस तरह की निगरानी रखे, तो सड़कों पर होने वाले इस शोर के आतंक से स्थाई रूप से मुक्ति मिल सकती है।