

दुर्गापुर : दुर्गापुर में वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने एक चार पहिया वाहन से तस्करी कर ले जाये जा रहे 6 बाज को बचाया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया। दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में अभियुक्त को पेश किया गया। तस्करी के उद्देश्य से बिहार से एक चार पहिया गाड़ी में बाज पक्षियों को बर्दवान ले जाया जा रहा था। वहीं गुप्त सूचना के आधार पर बर्दवान वन विभाग रेंज की एक टीम ने जाल बिछाया। इस दौरान जैसे ही यह गाड़ी बांसकोपा टोल प्लाजा के पास पहुंचीं वन विभाग के अधिकारियों ने उसे रोक लिया। इस दौरान कार की तलाशी लेने पर कार के अंदर से 6 बाज पक्षी बरामद किए गए। वन विभाग ने तत्काल कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। कार ड्राइवर की पहचान शेख वाजिद के रूप में हुई जो पूर्व बर्दवान का रहने वाला है। दुर्गापुर रेंज के रेंजर सुदीप बनर्जी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी। इसके बाद बांसकोपा टोल प्लाजा के पास उक्त गाड़ी को पकड़ गया। कार में मौजूद ड्राइवर ही तस्कर है। रेंजर ने कहा कि जब्त किए गए बाज पक्षियों को वन विभाग की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने आगे बताया कि तस्करी के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है या नहीं, इसकी गहन जांच शुरू कर दी गई है।