

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल/ बर्नपुर : दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस आयुक्त (CP) डॉक्टर प्रणव कुमार ने हीरापुर थाना क्षेत्र के बन रहे कई पूजा पंडाल का दौरा किया। बता दें कि हीरापुर थाना एवं ट्रैफिक गार्ड के अंतर्गत आने वाले प्रमुख पूजा पंडालों जैसे बर्नपुर रोड स्थित रवींद्रनगर उन्नयन समिति और राधानगर रोड स्थित राधानगर एथलेटिक क्लब का निरीक्षण किया। मौके पर सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार ने पूजा कमेटियों से बातचीत कर भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश।
आयोजकों के लिए विशेष निर्देश
सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार ने आयोजकों से कहा कि पंडाल की ऊपरी संरचना की ऊंचाई 40 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। पंडाल के चारों तरफ 4 फीट की खुली जगह अनिवार्य रूप से रखनी होगी। जबरन चंदा वसूली नहीं की जाएगी। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट होने चाहिए। निकास गेट, प्रवेश गेट से अधिक चौड़ा होना चाहिए। बैरिकेडिंग और कतार प्रबंधन की व्यवस्था करनी होगी। सड़क को बाधित करके कोई पंडाल या अन्य संरचना नहीं बनाई जाएगी। सभी बड़े पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करनी होगी। स्वयंसेवक पुलिस द्वारा दिए गए बैज पहनेंगे और पार्किंग स्थलों को चिन्हित करना होगा।
दौरा के दौरान इनकी रही उपस्थिति
पूजा पंडाल दौरा के दौरान डीसीपी (वेस्ट) सना अख्तर, डीसीपी (ट्रेफिक) अविनाश जधावड़, एसीपी हीरापुर मिहिर कुमार डे, एसीपी ट्रैफिक (हेडक्वार्टर) विश्वजीत साहा, हीरापुर थाना के प्रभारी अखिलेश सिंह, हीरापुर ट्रैफिक ओसी एआर खान सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं आयोजक उपस्थित थे।