अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़

गिरोह का सरगना गिरफ्तार, 230 किलो गांजा जब्त
अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने झारखंड से संचालित हो रहे एक बड़े अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गौरतलब है कि आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने आसनसोल सहित आसपास के इलाके में गांजा सप्लाई करने वाले गिरोह के मुख्य अभियुक्त कालीपद भंडारी को बाराबनी इलाके के रुनाकुड़ा घाट इलाके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को जामुड़िया थाना 5 दिनों के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार अभियुक्त मूलतः झारखंड के नाला का रहने वाला है। मौके पर डीसीपी वेस्ट सना अख्तर ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्य तस्कर कालीपद भंडारी को गिरफ्तार किया गया है, जो झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से की गई गहन पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने करीब 122 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कुल तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस अब तक तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 230 किलो गांजा बरामद कर लिया है। कालीपद भंडारी की गिरफ्तारी जामुड़िया में 4 किलो एवं सालानपुर में 104 किलो गांजा बरामदगी के बाद हुई। पुलिस द्वारा की गई इस पूरी कार्रवाई के दौरान अब तक कुल 230 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है और पुलिस फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए आगे की जांच में जुटी हुई है। इस मौके पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी वेस्ट सना अख्तर, डीसीपी सेंट्रल ध्रूव दास, एडीसी डीडी मिर सैदुल अली मौजूद थे।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in