

बर्दवान : पूर्व बर्दवान के कांतापुकुर इलाके में अवैध तरीके से रह रहे ईरानी नागरिक को बर्दवान थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति को पुलिस ने बर्दवान अदालत में पेश किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति का नाम माजिद मोहम्मद हुसैनी (50) है। वह ईरान के तेहरान का निवासी है। शहर के कांतापुकुर में एक होटल में कमरा किराये पर लेने के दौरान वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर संदेह होने पर होटल मालिक ने इसकी जानकारी पुलिस थाने को दी। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर माजिद मोहम्मद हुसैनी से पूछताछ की तो पता चला कि वह इस साल 20 फरवरी को वीजा लेकर ईरान के तेहरान से भारत आया था लेकिन बीते 2 मई को उसका वीजा समाप्त समाप्त हो जाने के बावजूद वह अपने देश नहीं लौट पाया। वह अवैध तरीके से भारत में रहने लगा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर फोरेंसिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। उल्लेखनीय है कि शनिवार को मंतेश्वर थाने की पुलिस ने सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया। उनमें से एक को कालना अदालत और दूसरे जुबेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। बर्दवान पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि क्या माजिद मोहम्मद हुसैनी का मंतेश्वर में गिरफ्तार ईरानी नागरिकों से कोई संबंध है या नहीं।