

सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग द्वारा बर्नपुर भारती भवन में विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026 का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए चलाए गए सप्ताह भर के अभियान के बारे में बताना था। कार्यक्रम में बीआरएस के बच्चों ने नृत्य, संगीत और नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। प्रस्तुतियों के जरिए हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी से चलने का संदेश दिया गया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों को समारोह में हेलमेट और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, पुलिस कर्मियों, विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों और छात्रों, बस यूनियन के प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित लोगों ने भी इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। मौके पर राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार एवं जिला अधिकारी एस पन्नोबलम ने लोगों को संबोधित करते हुये कहा कि जिम्मेदारी से गाड़ी चलाने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया। साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन करने, जिम्मेदारी से गाड़ी चलाने और हर यात्रा को सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026 के दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई पहलों को भी दिखाया गया। इस मौके पर डीसी हेडक्वार्टर के जी मीणा, डीसी ट्रैफिक अविनाश भीमराव, डीसी वेस्ट शना अख्तर, डीसी सेंट्रल ध्रुव दास सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।