डीजे बजाना बंगाल की संस्कृति नहीं : अग्निमित्रा पॉल

96 पूजा कमेटी को लेकर की गई समन्वय बैठक
पूजा कमेटी को संबोधित करतीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल
पूजा कमेटी को संबोधित करतीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल
Published on

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल/ बर्नपुर : बर्नपुर के भारती भवन में हीरापुर थाना के तत्वावधान में दुर्गा पूजा समन्वय बैठक - 2026 का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि बैठक में 96 दुर्गा पूजा कमेटियों को सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौके पर एसीपी हीरापुर मिहिर कुमार डे और हीरापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में इमरजेंसी नंबर डिस्प्ले करना अनिवार्य होगा और सभी नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने दी पूजा कमेटी को निर्देश

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पूजा कमेटी को संबोधित करते हुए कहा कि पंडाल में दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए अलग प्रवेश द्वार बनाया जाए, जिससे उन्हें पूजा देखने में कोई असुविधा न हो। पंडाल में भीड़ प्रबंधन के लिए वॉलंटियर, फर्स्ट एड, ID कार्ड और जैकेट की व्यवस्था रखें। उन्होंने साफ कहा कि पूजा पंडाल में कहीं भी डीजे नहीं बजेगा। बंगाल की संस्कृति ढाक है, डीजे नहीं। साथ ही पार्किंग की व्यवस्था पहले से करनी होगी ताकि ट्रैफिक जाम न हो। उन्होनें आगे कहा कि महाअष्टमी के दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी और जिन कमेटियों को सरकारी अनुदान चाहिए, वे हीरापुर थाने में आवेदन जमा करें। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए 24 अक्टूबर की समय-सीमा भी तय की गई है, कारण 25 अक्टूबर को कोजागरी लक्ष्मी पूजा है।

आसनसोल उत्तर के विधायक ने कहा

आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने इस वर्ष दुर्गा पूजा समितियों के लिए 1 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की है। यह अनुदान केवल उन्हीं पूजा समितियों/क्लबों को दिया जाएगा जिन्हें वास्तव में इसकी वित्तीय आवश्यकता है। बड़े बजट वाली दुर्गा पूजा समितियों से स्वेच्छा से यह सरकारी सहायता राशि नहीं लेने का आग्रह किया।

समन्वय बैठक में पूजा कमेटियों ने उठाई कई मांगें

बर्नपुर भारती भवन में आयोजित दुर्गा पूजा समन्वय बैठक में 96 पूजा कमेटियों ने अपनी-अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। किसी कमेटी ने कहा कि बर्नपुर थाना अंतर्गत फायर ब्रिगेड की व्यवस्था होनी चाहिए, तो किसी ने कहा कि सेल-आईएसपी के द्वारा पूजा पंडालों को बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कमेटियों ने मांग की कि दुर्गा पूजा को देखते हुए सड़कों की मरम्मत कराई जाए, पूजा विसर्जन के दौरान हंगामा न हो इसका ध्यान रखा जाए और रास्तों पर जो बिजली के तार झूल रहे हैं उन्हें ठीक किया जाए। मौके पर मौजूद मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने सभी समस्याओं को नोट करते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा और जल्द से जल्द इसका समाधान किया जाएगा। बैठक में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी वेस्ट सना अख्तर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर हेडक्वार्टर शूभेंदू चटर्जी, फायर ब्रिगेड ओसी चिन्मय बख्शी , हीरापुर ट्रैफिक टीजी ओसी एआर खान, नगर निगम, बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद थे ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in