

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल शहर के एसबीगोराई रोड में ठेकेदार पर कार्य में घोर लापरवाही का आरोप लगा है। उसकी लापरवाही के करण पूरे इलाके में भारी तबाही हो सकती थी। जानकारी के अनुसार 3 दिन पहले केबल मेंटेनेंस के लिए सड़क पर गड्ढा खोदा गया था। ठेकेदार के लोग 3 दिन से तार ढूंढ रहे थे लेकिन तार मिला नहीं। गड्ढे में पानी भर गया और पानी रहते हुए ही ऊपर से मिट्टी डालकर बिना किसी बैरिकेड, इंडिकेशन या डंडा लगाए छोड़ दिया गया। इसी खुले गड्ढे में एक पेट्रोल लोडेड गाड़ी का चक्का धंस गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। गनीमत रही कि गाड़ी पलटी नहीं। स्थानीय दुकानदार सुमित पाठक ने बताया कि यह पेट्रोल लोडेड गाड़ी है, अगर थोड़ा भी रिस्क होता तो आज यहां कोई भी जीवित नहीं बचता कारण पास में ही उनकी दुकान और रजिस्ट्री ऑफिस है जहां हमेशा भीड़ रहती है। सुमित पाठक ने बताया कि हादसे के बाद एक घंटे तक लोकल लोगों ने ही ट्रैफिक को कंट्रोल किया। पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा, जबकि बिजली विभाग से एक घंटे बाद भी कोई नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर की कोई गलती नहीं है, पूरी गलती कॉन्ट्रैक्टर, लेबर और मिस्त्री की है। यह जगह हमेशा जाम रहती है और रेलवे क्रॉसिंग की वजह से पहले से ही समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई हो।