लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि : अग्निमित्रा पॉल

आसनसोल में विकास कार्यों को मिली रफ्तार
लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि : अग्निमित्रा पॉल
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल :आसनसोल शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए शहर की जर्जर हो चुकी सड़कों और जल निकासी की पुरानी समस्या को दूर करने के लिए बहुप्रतीक्षित सड़क मरम्मत और नवीनीकरण कार्य का भव्य शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया। आसनसोल नगर निगम की बोरो -6 के वार्ड संख्या 39 में मिश्रा स्वीट से क्रिश्चियन पाड़ा मोड़ तक टीपी रोड की मरम्मत और नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना की अनुमानित लागत 27.61 लाख रुपये है। इसके साथ ही वार्ड संख्या 84 में इस्माइल मोड़ से एसडी अस्पताल मोड़ तक नाली निर्माण और नवीनीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया गया, जिसकी लागत लगभग 19.38 लाख रुपये है। मौके पर मौजूद मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आसनसोल की जनता ने लंबे समय से अच्छी सड़कों की मांग की थी। बरसात में जलजमाव और टूटी सड़कों के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। हमारी सरकार ने जनता की इस पीड़ा को समझा और इसीलिए इस योजना को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा यह सिर्फ सड़क बनाने का काम नहीं है, बल्कि यह आसनसोल के लोगों की सुरक्षा, सम्मान और सुगम जीवन से जुड़ा है। हमने जो वादा किया था, उसे आज जमीन पर उतारा जा रहा है। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, नगर निगम इंजीनियर, भाजपा कार्यकर्ता सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in