

बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम के वार्ड 77 स्थित लोहा सिंह मोड़ से लेकर मुंगेरिया खटाल के मेन रोड वाले इलाके के करीब 50 से ज्यादा घरों में रहने वाले लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। गौरतलब है कि पानी की मुख्य पाइप लाइन फट जाने से 200 से ज्यादा लोग 12 दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्हें दूसरे इलाके से पानी लाना पड़ रहा है। इलाके के लोगों का कहना है कि इसकी शिकायत पार्षद को की गई है पर अभी तक इसका कोई निवारण नहीं निकला है। साथ ही उन्होंने बताया कि पार्षद द्वारा इंजीनियर को भी इसकी सूचना दी गई है पर इंजीनियर काम में लापरवाही दिखा रहा है।
क्या कहा पार्षद ने
वार्ड 77 के पार्षद गुरमित सिंह ने बताया कि जैसे ही उन्हें इसकी सूचना मिली कि लोहा सिंह मोड़ के पास पानी की पाइप फट जाने से लोगों के घर में पानी नहीं जा रहा है, इसकी सूचना मेयर बिधान उपाध्याय को दी गई। उन्होंने बताया कि ध्रुवडंगाल पानी टंकी बोरो 5 के अंतर्गत आता है। मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए बोरो 5 के इंजीनियर से बात करें। वहीं बोरो 5 के इंजीनियर सुमन माजी को इस संबंध में शिकायत की गई है पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद इस घटना के संबंध में बोरो 7 के चेयरमैन शिवानंद बाउरी से बात की गई।
बोरो चेयरमैन ने दिखाया कड़ा रूप
बोरो 7 के चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने बोरो 5 के इंजीनियर से बात कर कहा कि यह काम जल्द से जल्द किया जाए। वार्ड 77 के लोहा सिंह मोड़ से लेकर मुंगेरिया खटाल तक कई घरों में पानी नहीं आ रहा है और इस समस्या को लेकर कई दिनों से लोग परेशान हैं पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि बोरो 5 के इंजीनियर ने कहा कि वर्क ऑर्डर पास नहीं हुआ है, इसलिए कार्य में देरी हो रही है। वर्क ऑर्डर पास होते ही कार्य दो -तीन दिन में शुरू हो जायेगा।