ओवरलोड गाड़ियों पर शिकंजा कसने के लिए लोगों ने खोला मोर्चा

थाना, संस्थान और अधिकारियों की दी गई शिकायत
ओवरलोड गाड़ियों पर शिकंजा कसने के लिए लोगों ने खोला मोर्चा
Published on

आसनसोल : आसनसोल व इसके आसपास के क्षेत्रों में कोयला, बालू, पत्थर और पत्थर डस्ट बिना ढके ओवरलोड ले जाने के खिलाफ लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। लोगों का कहना है कि आये दिन शहर के विवेकानंद सरणी, कल्ला, सालानपुर, बाराबनी आदि विभिन्न क्षेत्रों में खुले रूप से ओवरलोड डंपरों और ट्रकों के कारण सड़कें खराब हो रही हैं। धूल उड़ने से वायु प्रदूषण फैल रहा है। इस पर अविलंब रोक लगाने व कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए बाराबनी के काजल बाउरी के नेतृत्व में लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त शिकायत बाराबनी थाना, कोलियरी सहित विभिन्न संस्थानों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से की है। शिकायत मेल द्वारा भेजी गई है। काजल बाउरी का कहना है कि ओवरलोड के कारण सड़कें दम तोड़ रही हैं। स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में समस्या होती है। खुले में ओवरलोड गाड़ियों से कोयला व पत्थर डस्ट आदि सड़क पर गिरने से वायु प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने शिकायत में उल्लेख किया है कि ज्यादातर ओवरलोड ट्रक और डंपर व्यापक संख्या में कतारबद्ध होकर काफी रफ्तार से गुजरते हैं जिस कारण सड़क दुर्घटनाएं घट रही हैं। सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल उड़ने से लोगों को विशेष कर बुजुर्गों और बच्चों को समस्या होती है। उन्होंने प्रशासन से ओवरलोड पर रोक लगाने के साथ बिना ढके खुले में कोयला, बालू, पत्थर डस्ट आदि ले जाने पर अविलंब प्रतिबंध लगाने की मांग की। डंपरों और ट्रकों पर निर्धारित वजन से अधिक माल लादने पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की है। खराब सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट जो वायु प्रदूषण और झाड़ियों के कारण गंदे व ढक गए हैं, उसे साफ करने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि रात में दुर्घटनाओं पर अंकुश लागाया जा सके।

गाड़ियों की जांच की मांग

काजल बाउरी ने सभी गाड़ियों के फिटनेस, रजिस्ट्रेशन, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र की जांच होनी चाहिए। ज्यादातर गाड़ियों के नंबर प्लेट टूट गए हैं। गाड़ियों से धुंआ निकलते देखा जाता है। गाडियों से धुंआ निकलने और ओवरलोड के कारण डस्ट आदि सड़क पर गिरने से पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। इन ट्रकों और डंपरों में बैक लाइट भी नहीं जलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर सही से इसकी जांच की जाए तो अधिकांश गाडियों का फिटनेस फेल पाया जाना निश्चित है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in