

जामुड़िया : आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जामुड़िया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मुहर्रम कमिटियों के प्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जामुड़िया थाना के प्रभारी सौमेंद्र नाथ सिंह ठाकुर ने की। पुलिस ने मुहर्रम कोटियों के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि किसी भी जुलूस या धार्मिक कार्यक्रम में डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार, धारदार वस्तु अथवा उनके प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बैठक में अधिकारियों ने सभी कमेटियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। साथ ही अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया। इस मौके पर सर्कल इंस्पेक्टर मानस दास, पुलिस अधिकारी मुक्तिनाथ शाही सहित अन्य मौजूद थे।