

एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : राज्य के परिवहन विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रवींद्र सिंह ने एनएच 19 स्थित कुल्टी थाना क्षेत्र के रामपुर मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रवींद्र सिंह ने कहा कि यह एक रूटीन जांच है। उन्होंने कहा कि चेकिंग कम होने के कारण राजस्व की कमी के मुद्दे पर चर्चा की गयी। इस विषय को लेकर चर्चा की गयी है। आने वाले दिनों में राजस्व बढ़ने की संभावना बनी हुयी है। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की गतिविधियों का जायजा लिया और अधिकारियों से बातचीत कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले इसी चेकपोस्ट पर एक मालवाहक ट्रक को कथित रूप से अवैध तरीके से रोककर चालक पर रिश्वत देने का दबाव बनाने तथा राज्य सरकार द्वारा समाप्त किए जा चुके एक कर के नाम पर 22 हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया था। शिकायत मिलने के बाद परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को निलंबित किया था तथा मामले की जांच की जिम्मेदारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी गई थी। बाद में दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच के दौरान दो अन्य बिचौलियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह भी रामपुर चेकपोस्ट के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता बनाए रखते हुए नियमों के अनुसार काम करने का निर्देश दिया था। हालांकि, इसके बाद रामपुर एमवीआई कार्यालय से चेकिंग और सड़क पर वाहनों की जांच लगभग बंद हो गई। इससे सरकारी राजस्व में कमी आने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि इस कार्यालय से नियमित रूप से बड़ी राशि सरकारी कोष में जमा होती थी। शिकायत के बाद पहले की तरह चेकिंग नहीं होने से राजस्व संग्रह में काफी कमी आई है।