हाजिरी रजिस्टर में आने का समय दर्ज, जाने का गायब!

विधायक जितेंद्र तिवारी ने लगाई फटकार
रेजिस्टर देखते विधायक जितेंद्र तिवारी
रेजिस्टर देखते विधायक जितेंद्र तिवारी
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के प्रतापपुर ग्राम पंचायत कार्यालय में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी अचानक औचक निरीक्षण पर पहुंच गए। दफ्तर की व्यवस्थाएं परखने के दौरान उपस्थिति रजिस्टर में बड़ी खामी सामने आई, अधिकांश कर्मचारियों के आने का समय तो दर्ज था, लेकिन जाने के समय का कॉलम खाली मिला। इस अव्यवस्था पर विधायक खासे नाराज नजर आए और उन्होंने पंचायत सचिव समेत कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।

बिना सूचना पहुंचे दफ्तर, तलब किया रजिस्टर

जानकारी के मुताबिक, विधायक जितेंद्र तिवारी इन दिनों पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र की अलग-अलग ग्राम पंचायतों का दौरा कर रहे हैं। सोमवार को वे बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे प्रतापपुर ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर तलब किया। जांच में सामने आया कि कर्मियों ने दफ्तर पहुंचने का समय तो लिख रखा था, लेकिन छुट्टी के समय जाने की एंट्री अधूरी या गायब थी।

'जनता के ताने सुनने पड़ते हैं, कार्रवाई होगी'

रजिस्टर में लापरवाही देख भड़के विधायक ने पंचायत सचिव और कर्मचारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'आप लोग ऐसा रवैया क्यों अपना रहे हैं? आपकी इस लापरवाही की वजह से मुझे आम जनता के ताने सुनने पड़ते हैं। सरकार ने आपको जनता की सेवा के लिए नियुक्त किया है। यदि आप इसी तरह गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करेंगे, तो आने वाले दिनों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।' फाइलों की जांच की, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

हाजिरी रजिस्टर खंगालने के बाद विधायक ने पंचायत से जुड़ी कई अहम फाइलों और दस्तावेजों की भी पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने दफ्तर में अपने कामकाज के लिए पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं व शिकायतें जानीं।

विधायक के इस औचक निरीक्षण से पंचायत कर्मियों में खलबली मच गई। जितेंद्र तिवारी ने साफ शब्दों में चेताया कि सरकारी दफ्तरों में समय की पाबंदी, उपस्थिति और जनसेवा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News