

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: नकली लॉटरी टिकटों के अवैध कारोबार के खिलाफ पांडवेश्वर थाना की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस रैकेट से जुड़े एक सदस्य शांतनु गराई को गिरफ्तार कर शनिवार को दुर्गापुर अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अभियुक्त पांडवेश्वर नीचे पाड़ा का रहनेवाला है। वह बीते कुछ समय से इलाके से फरार चल रहा था।
30 अक्टूबर को परित्यक्त मकान से बड़ी संख्या में मिली थी जाली लॉटरी
यह कार्रवाई 30 अक्टूबर को की गई छापेमारी की कड़ी में हुई है। उस दिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छत्तीसगंडा फुटबॉल मैदान के पास एक परित्यक्त मकान में दबिश दी थी। वहां से अलग-अलग सीरियल नंबर, प्रकार और तारीखों वाले बड़ी संख्या में नकली लॉटरी टिकट बरामद किए गए थे। मौके पर कोई दावेदार या संदिग्ध नहीं मिला था, जिसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं (297(1), 318(4), 319(2), 336(2), 336(3), 336(4), 338, 339, 340(1), 340(2), 61(2)) के साथ लॉटरी (विनियमन) अधिनियम 1998 की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तीन मामलों में थी तलाश, गुप्त सूचना पर दबोचा
जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि इलाके में जाली लॉटरी का संगठित गिरोह सक्रिय है और शांतनु गराई उसी का हिस्सा है। पांडवेश्वर थाने में फर्जी लॉटरी से संबंधित दर्ज तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। वह पुलिस से बचता फिर रहा था। शुक्रवार को मुखबिर से थाना प्रभारी सुशोभन बनर्जी व उनकी टीम को मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस ने पांडवेश्वर क्षेत्र में छापा मारकर उसे धर दबोचा।
सप्लाई चेन और बाकी सदस्यों की तलाश में पुलिस
आसनसोल-दुर्गापुर के एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने कहा कि पुलिस मामले की गहन पड़ताल में जुटी है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस अभियुक्त से यह जानने की कोशिश करेगी कि नकली टिकटों की छपाई या सप्लाई कहां से होती थी, इन्हें किन इलाकों में कब से खपाया जा रहा था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।