

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के जेमुआ अंचल स्थित भादुबाला हाई स्कूल में शुक्रवार को अचानक विधायक जितेंद्र तिवारी पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के शैक्षणिक माहौल, पढ़ाई-लिखाई की गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का बारीकी से जायजा लिया।
शिक्षकों से चर्चा, छात्रों से सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बैठक की। इसमें पढ़ाई से जुड़े विभिन्न मुद्दों और स्कूल के समग्र विकास को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद विधायक कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के स्तर, नियमित कक्षा संचालन और पढ़ाई के दौरान सामने आने वाली समस्याओं व अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
हर बच्चे को मिले समान अवसर
विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के हर स्कूल में शिक्षा का वातावरण और मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिलें, इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।