भाजपा नेता की हत्या के मुख्य अभियुक्त के घर पर चला प्रशासन का बुलडोजर

शिल्पांचल में पहली बार हत्या के किसी अभियुक्त का घर ढहाया
हत्या के अभियुक्त के घर पर बुलडोजर एक्शन
हत्या के अभियुक्त के घर पर बुलडोजर एक्शन
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: भाजपा नेता श्याम कुमार दास हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त विजय नंदी के जब्बारपल्ली इलाके में स्थित मकान पर सोमवार दोपहर प्रशासन का बुलडोजर चल गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मकान को जमींदोज कर दिया गया। आसनसोल-दुर्गापुर शिल्पांचल में हत्या के किसी अभियुक्त के घर के खिलाफ यह पहली बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई मानी जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

बीते 11 तारीख की रात फरीदपुर (लावदोहा) थाना अंतर्गत जब्बारपल्ली में जमीन विवाद को लेकर भाजपा नेता श्याम कुमार दास की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त विजय नंदी, अजय नंदी और प्रसून पांडे को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद स्थानीय भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने पांडवेश्वर में हिंसा की राजनीति बर्दाश्त न करने और अभियुक्तों को जड़ से उखाड़ फेंकने की चेतावनी दी थी। विधायक की चेतावनी के एक सप्ताह के भीतर हुई इस कार्रवाई ने इलाके की सियासत गरमा दी है।

अवैध निर्माण बताकर गिराया गया मकान

सोमवार दोपहर दुर्गापुर-फरीदपुर के बीडीओ देवदीप बैरागी के नेतृत्व में टीम भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ जब्बारपल्ली पहुंचा और मकान ढहाने की कार्रवाई शुरू की गई।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, निर्माण की वैध अनुमति न होने को लेकर संबंधित ग्राम पंचायत ने पहले ही नोटिस जारी किया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बीडीओ देवदीप बैरागी ने कहा कि मकान पूरी तरह अवैध रूप से बना था और इसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, इसलिए नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई है।उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह कदम अवैध निर्माण के विरुद्ध है और इसका हत्या मामले से कोई संबंध नहीं है।

'बेटे जेल में, छत छिन गई... अब कहां जाएं?'

हत्याकांड की जांच के बीच मुख्य अभियुक्त के मकान पर बुलडोजर चलने की टाइमिंग को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हैं। दूसरी ओर, मकान गिरने से परिवार में कोहराम मच गया। अभियुक्त की वृद्ध मां कल्याणी नंदी ने कहा कि उनके दोनों बेटे हत्या के आरोप में जेल में हैं और अब घर भी तोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि यह मकान माकपा के शासनकाल में बना था और अब वह बहू-बेटियों को लेकर कहां जाएं, यह समझ नहीं आ रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News