

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने हरिपुर हिंदी हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के बुनियादी ढांचे, शैक्षणिक माहौल और समग्र व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के समय बच्चों के लिए बने मिडडे मील में तय मानक के अनुसार दाल की मात्रा काफी कम पाई गई, जिस पर विधायक भड़क उठे और भोजन तैयार करने वाली स्वनिर्भर गोष्ठी की महिला कर्मियों को जमकर फटकार लगाई।
'बच्चों के पोषण से समझौता बर्दाश्त नहीं, दोबारा लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई'
विधायक ने कर्मियों से सीधे सवाल किया कि जब बच्चों की संख्या अधिक है, तो उस अनुपात में दाल इतनी कम क्यों बनाई गई? उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, 'मिडडे मील की गुणवत्ता और मात्रा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चूंकि यह गड़बड़ी पहली बार सामने आई है, इसलिए फिलहाल चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है। अगर दोबारा ऐसी लापरवाही मिली, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।' इसके साथ ही उन्होंने स्कूल के प्रभारी शिक्षक को भी भोजन की निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
प्रभारी शिक्षक बोले- स्टाफ की कमी से निगरानी में दिक्कत
मामले पर स्कूल के शिक्षक प्रभारी शिशिर बाउरी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि विद्यालय में प्रतिदिन औसतन 150 बच्चों के लिए मिडडे मील बनता है और उसी हिसाब से दाल-चावल आदि सामग्री कर्मियों को उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने स्कूल की बदहाली का हवाला देते हुए बताया कि स्कूल भारी शिक्षक संकट से जूझ रहा है। यहां स्वीकृत 22 पदों के मुकाबले सिर्फ 8 स्थाई शिक्षक और 2 अनुबंध शिक्षक ही कार्यरत हैं। इसके अलावा क्लर्क और ग्रुप-डी का कोई स्टाफ नहीं है। अत्यधिक वर्कलोड के कारण वे मिडडे मील की नियमित निगरानी नहीं कर पा रहे हैं।