

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर : पांडवेश्वर के गायघाटा इलाके में छठ पर्व के दौरान करंट लगने से जान गंवाने वाले दिवंगत विनोद नोनिया के परिजनों से बुधवार को स्थानीय विधायक जितेंद्र तिवारी ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देशानुसार, शोकसंतप्त परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया।
दुख की घड़ी में सरकार साथ
विधायक जितेंद्र तिवारी ने यह स्पष्ट किया कि यह सहायता राशि किसी की जान या नुकसान की भरपाई तो नहीं हो सकती, लेकिन इस अत्यंत कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का एक मानवीय प्रयास जरूर है।
गौरतलब है कि बीते सोमवार को गायघाटा छठ घाट पर सपरिवार अर्घ्य देने पहुंचे विनोद नोनिया की बिजली के खुले तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बेटी की शादी के लिए मुख्यमंत्री ने की 5 लाख की घोषणा
सहायता राशि सौंपने के दौरान मृतक की पत्नी ने विधायक जितेंद्र तिवारी के सामने अपनी बेटी की शादी के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। इस मामले की जानकारी जब शाम को दुर्गापुर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तक पहुंची, तो उन्होंने तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों को बेटी के विवाह हेतु 5 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का निर्देश दिया।
विधायक जितेंद्र तिवारी ने इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा, 'मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दिवंगत विनोद नोनिया की बेटी की शादी के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा कर एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और मानवीय चेहरे को साबित किया है। ईश्वर हमारे मुख्यमंत्री को और अधिक शक्ति दें, ताकि वे इसी तरह जरूरतमंद राज्यवासियों की मदद करते रहें।'