वर्षों के अंधेरे से आजादी, मरांडी पाड़ा में पहली बार पहुंची बिजली

ग्रामीणों में खुशी की लहर
बिजली से रौशन हुआ घर
बिजली से रौशन हुआ घर
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर : पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के इच्छापुर ग्राम पंचायत अंतर्गत बांसगड़ा गांव के मरांडी पाड़ा में रहने वाले 9 आदिवासी परिवारों के घरों में आखिरकार पहली बार बिजली की रोशनी पहुंच गई है। वर्षों से बुनियादी बिजली सुविधा से वंचित इन परिवारों के घरों में बल्ब जलते ही उनमें खुशी की लहर दौड़ गई।

लालटेन और दीयों के सहारे कटती थीं शामें

जानकारी के मुताबिक, मरांडी पाड़ा मोहल्ले में कुल 9 परिवार रहते हैं, जिनकी आबादी करीब 45 है। इनमें से ज्यादातर लोग दिहाड़ी मजदूरी कर गुजारा करते हैं। बिजली न होने के कारण शाम ढलते ही ग्रामीणों को दीये और हरीकेन लालटेन का सहारा लेना पड़ता था, जिससे रोजमर्रा के कामकाज और बच्चों की पढ़ाई में खासी दिक्कतें आती थीं।

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी की पहल पर सभी 9 घरों तक बिजली कनेक्शन पहुंचाया गया।

ग्रामीणों और नेताओं ने क्या कहा?

अनिल चंद्र हांसदा ने कहा, "इतने सालों तक हमें अंधेरे में ही रहना पड़ा। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन बात नहीं बन सकी थी। अब घरों में रोशनी देखकर बेहद खुशी हो रही है। हम विधायक के प्रति आभार जताते हैं।"

भाजपा नेता गौरव गुप्ता एवं सुशील टुडू ने कहा कि जैसे ही यह मामला विधायक के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत कदम उठाया और तेजी से बिजली सेवा उपलब्ध कराई गई। हमारी पार्टी और सरकार हर स्तर पर आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News