हर माह जिला अस्पताल को 200 यूनिट रक्त उपलब्ध कराने का लक्ष्य

विधायक जितेंद्र तिवारी ने की घोषणा
रक्तदाता को सम्मानित करते अतिथिगण
रक्तदाता को सम्मानित करते अतिथिगण
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर : पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बंकोला सुभाष कॉलोनी में बंकोला कॉम्पिटिटिव लाइब्रेरी की ओर से एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय युवाओं व नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जहां करीब 100 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी राजेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक जितेंद्र तिवारी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक औपचारिकता या कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि संकट के समय आम लोगों और जरूरतमंदों के साथ मजबूती से खड़े होने का एक पुनीत संकल्प है।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों को मिलाकर एक ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत हर महीने 200 यूनिट रक्त एकत्रित कर जिला अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा, ताकि रक्त की कमी से किसी भी मरीज की जान जोखिम में न पड़े। इस संकल्प को पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ता, सहयोगी और सामाजिक संस्थाएं पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटेंगे। शिविर के सफल संचालन में लाइब्रेरी के सदस्यों व स्थानीय गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News