

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : कांकसा पंचायत समिति कार्यालय के अंदर भाजपा नेता रमन शर्मा का जन्मदिन मनाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि कार्यालय के भीतर ही कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर उन्हें उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया और उपहार दिए। इस संदर्भ में बताया गया कि उनकी पत्नी भाजपा की पंचायत समिति सदस्य हैं। आरोप है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही वे पत्नी के साथ एक कुर्सी-टेबल पर कब्जा कर समिति सभापति के कार्यालय में बैठते हैं। वहीं से रोज पॉलिटिकल काम करते हैं। अब उसी कार्यालय में उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया। पहले यह संस्कृति तृणमूल में देखने को मिलती थी, अब वही संस्कृति भाजपा में दिख रही है। मामला सोशल मीडिया पर सामने आते ही विभिन्न हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो और तस्वीरों में भाजपा नेता को कार्यालय के अंदर उत्तरीय पहनाकर सम्मानित करते और उपहार देते देखा जा रहा है, जबकि वे पंचायत समिति के सदस्य नहीं हैं। कांग्रेस नेता दिवेश चक्रवर्ती ने कहा कि तृणमूल की जो संस्कृति थी, वही भाजपा भी कर रही है। दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से पूर्ण जांच की मांग की। वहीं अपनी सफाई में भाजपा नेता रमन शर्मा ने दावा किया कि जन्मदिन के दिन कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखकर सिर्फ शुभकामनाएं दीं, इससे ज्यादा कुछ नहीं हुआ। जन्मदिन मनाना मतलब सेलिब्रेशन करना, वह सब नहीं हुआ। आरोप लगाने वाले दल का बंगाल में कोई अस्तित्व नहीं है।