

सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया: पुरुलिया के गोशाला इलाके में रोड ओवरब्रिज निर्माण के दौरान सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। ओवरब्रिज के पिलर निर्माण के लिए जमीन के भीतर ड्रिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक विशालकाय ड्रिलिंग क्रेन अनियंत्रित होकर बराकर राज्य सड़क पर पलट गया। क्रेन की चपेट में एक स्कूल वैन और सड़क किनारे खड़ा ट्रक आ गया। हादसे में स्कूल वैन का ड्राइवर और उसमें सवार एक छात्र घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह अन्य दिनों की तरह ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ भारी-भरकम ड्रिलिंग क्रेन सड़क की ओर पलट गया। उस समय सड़क से एक स्कूल वैन गुजर रही थी। क्रेन की चपेट में आने से वैन क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, सड़क किनारे खड़ा ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र और स्कूल वैन ड्राइवर को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण बराकर राज्य सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया।
प्रत्यक्षदर्शी संतोष प्रसाद गुप्ता और विवेक महतो ने बताया कि सुबह अचानक तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि ओवरब्रिज निर्माण में इस्तेमाल होने वाला विशाल ड्रिलिंग क्रेन सड़क पर गिरा पड़ा है। इसकी चपेट में स्कूल वैन और ट्रक आ गए थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल छात्र और ड्राइवर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय सड़क से बड़ी संख्या में यात्री बस और अन्य वाहन गुजरते हैं। ऐसे में अगर क्रेन किसी बस या अधिक वाहनों पर गिरता तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।