हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत व 4 घायल

वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर पाया हाथी पर काबू
हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत व 4 घायल
Published on

बांकुड़ा : जिले के जयपुर ब्लॉक अंतर्गत राउतखंड, जामडिगरी, कलाबनी गांव में बुधवार सुबह एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी के इस हमले में एक ग्रामीण की जान चली गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने हाथी को बेहोश कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। हाथी के पकड़े जाने के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। मृतक का नाम विजय कोले (64) है। वह राउतखंड का रहने वाला था।

अलसुबह 'यमराज' बनकर गांव में घुसा गजराज

जानकारी के अनुसार बुधवार अलसुबह जयपुर रेंज के राउतखंड गांव में झुंड से अलग हुआ एक हाथी अचानक घुस आया। गांव के पत्थरपाड़ा इलाके में हाथी ने घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान हाथी ने विजय कोले पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हाथी के हमले में बुल्टी रुईदास, उसके पिता समेत 4 ग्रामीण भी घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में जयपुर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। राउतखंड में तबाही मचाने के बाद हाथी जामडिगरी होता हुआ कलाबनी गांव तक जा पहुंचा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

वन विभाग का ऑपरेशन

हाथी के असामान्य व्यवहार और लगातार हमलों की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। शुरुआती कोशिशों में हाथी को खदेड़ने में विफलता मिलने के बाद, विशेषज्ञों की टीम ने उसे बेहोश करने का निर्णय लिया। वन विभाग के विशेषज्ञों ने हाथी पर एक के बाद एक तीन ट्रेंकुलाइजर गन (नींद की गोली) दागीं जिससे हाथी सुस्त होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे क्रेन की मदद से ट्रक पर लादा गया।

क्या कहते हैं अधिकारी

वन विभाग, पंचेत डिवीजन के ADFO वीरेंदर कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान में हाथी को जयपुर रेंज कार्यालय ले जाया गया है। वहां हाथी की प्राथमिक चिकित्सा और पर्यवेक्षण किया जाएगा, जिसके बाद उसे पुरुलिया के कुईलापाल जंगल ले जाकर निगरानी में रखा जायेगा। सब कुछ ठीक रहा तो उसे वापस झुंड में शामिल कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि हाथी के असामान्य व्यवहार के कारण उसे ट्रेंकुलाइज कर काबू में लाया गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in