

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : हीरापुर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर आसनसोल पॉक्सो कोर्ट में पेश किया है। अभियुक्त का नाम शंकर मंडल (54) है जो सांता डांगल वैगन कॉलोनी, हीरापुर थाना का रहने वाला है। हीरापुर थाना में इस संबंध में केस नंबर 300/2026 दर्ज किया गया है। हीरापुर थाना की पुलिस ने BNS की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया। मंगलवार को हीरापुर थाना की पुलिस ने अभियुक्त को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पॉस्को कोर्ट आसनसोल में पेश किया, जहां अदालत ने अभियुक्त को 3 दिन की पुलिस रिमांड दी है।
क्या है घटना
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ नाबालिग से संबंधित शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। शिकायत के आधार पर हीरापुर थाना की पुलिस ने सोमवार को छापेमारी कर अभियुक्त को वैगन कॉलोनी स्थित उसके आवास से हिरासत में लिया। थाना में पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य के आधार पर पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। नाबालिग की सुरक्षा और पहचान को गुप्त रखते हुए मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।