हाईवे छिनतई व गोलीकांड में एक अभियुक्त गिरफ्तार

पुलिस ने लिया 6 दिनों की रिमांड पर
हाईवे छिनतई व गोलीकांड में एक अभियुक्त गिरफ्तार
Published on: 

अभय, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : बीते 12 सितंबर की रात सालानपुर थाना अंतर्गत दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप एक सिक्युरिटी गार्ड से उसके बैग की छिनतई करने का प्रयास किया गया था। इसके साथ ही उस पर हमला कर फायरिंग करने की भी बात सामने आई थी। उक्त मामले में सालानपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली। उक्त मामले पर बीते कई दिनों से अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए पुलिस के अधिकारियों ने आखिरकार उक्त कांड में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम अजय राम बताया गया है। उसे शनिवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी समेत मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए अभियुक्त को पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्त की जमानत अर्जी रद्दकर उसे 6 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया। बताया जाता है कि बीते 12 सितंबर की रात धानगुड़ी स्थित हिंदुस्तान केवल्स निवासी हरिदास लायक अपनी बाइक पर सवार होकर अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। वहीं जैसे ही वह दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप पहुंचे वैसे ही 3 अज्ञात लोगों ने उससे उसके बैग की छिनतई करने का प्रयास किया था। इसके साथ ही अभियुक्तों ने हमला कर उसपर फायरिंग करने की भी बात सामने आई थी, हालांकि वह अपनी बाइक से गिरकर घायल हो गया था, जबकि सभी अभियुक्त मौका पाकर वहां से फरार हो गए थे। उक्त घटना की खबर पाकर मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर अपनी छानबीन शुरू कर दी थी। हालांकि पुलिस ने मामले पर अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए आखिरकार इस अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। अब देखते हैं कि क्या इस अभियुक्त के गिरफ्तार होने के बाद दूसरी गिरफ्तारियां कब हो रहीं हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है कि एक सिक्युरिटी गार्ड से ही ये लोग क्यों उसके बैग की छिनतई करने का प्रयास कर रहे थे ? इन सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in