

अंडाल : अंडाल थाना अंतर्गत सिदुली वैद पाड़ा इलाके में रविवार दोपहर एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना हुई। आरोप है कि एक महिला की दूसरी शादी संपन्न होने के बाद उसके पूर्व पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुल्हन के चाचा के घर पर धावा बोल वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से दुल्हन के चाचा सरावर वैद (48 ) बुरी तरह से जख्मी हो अस्पताल में इलाजरत है। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य अभियुक्त व दुर्गापुर निवासी शिवा वैद अन्य अभियुक्तों से साथ मौके से फरार हो गया। सभी अभियुक्त दो कारों से आये थे। वहीं दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी का माहौल है। सूचना मिलते ही आसनसोल - दुर्गापुर के ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास, अंडाल थाना प्रभारी गोपाल पात्रा, बनबहाल फांड़ी प्रभारी शीर्षेंदु दास व अन्य अधिकारियों समेत पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू की।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, कुछ वर्षों पहले दुर्गापुर के कुरुड़िया डांगा (छाईगादा पाड़ा) निवासी शिवा वैद के साथ सिदुली वैद पाड़ा निवासी माम्पी वैद की शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उस पर काफी अत्याचार किया जाने लगा था। उत्पीड़न से तंग आकर वह (माम्पी) पिछले कई महीनों से सिदुली वैद पाड़ा में अपने चाचा सरावर वैद के घर रह रही थी। चाचा व परिजनों ने माम्पी की दूसरी शादी तय की थी। रविवार को खांद्रा स्थित बाबा नीलकंठ मंदिर में माम्पी की दूसरी शादी कराई गई। शादी संपन्न होने के बाद सभी घर में आकर भोजन कर रहे थे, तभी माम्पी के पूर्व पति शिवा वैद अपने भतीजे सुकुमार और 4-5 गुर्गों के साथ वहां आ धमका और सरावर को घर से बाहर बुला वारदात अंजाम देकर फरार हो गया। कमर के निकट गोली लगने के बाद लहूलुहान सरावर को तत्परतापूर्वक खांद्रा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे दुर्गापुर महकमा अस्पताल फिर बर्धमान मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया।
शिवा ने माम्पी से रचाई थी पांचवीं शादी
सिदुली वैद पाड़ा निवासी हीरालाल ने बताया कि शिवा की चार बीवियां रहते हुए भी उसने झांसा देकर माम्पी से पांचवीं शादी रचाई थी। शादी के बाद से ही ससुराल में माम्पी पर अत्याचार शुरू हो गया था। शिवा अपनी चार बीवियों की सेवा माम्पी से करवाने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक अत्याचार करता था जिस कारण माम्पी सिदुली आ गई। पिता के नहीं होने के कारण वह चाचा सरावर के घर रह रही थी। सरावर व अन्य परिजन ने माम्पी की भविष्य की चिंता करते हुए उसकी दूसरी शादी करने का निर्णय लिया था। आज शादी के बाद सभी लोग घर में भोजन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तभी शिवा अपने साथियों के साथ यहां आ धमका। सरावर के भाई सूरज वैद ने कहा कि सभी लोग भोजन कर रहे थे, तभी शिवा ने उनके भाई सरवार को बाहर बुलाया और गोली मार दी। नवविवाहिता माम्पी वैद ने बताया, "ससुराल के अत्याचार के कारण मैं अपने चाचा के पास रह रही थी। आज मेरी शादी थी, और शादी खत्म होते ही शिवा ने आकर मेरे चाचा पर गोली चला दी।"
गहनतापूर्वक की जा रही है वारदात की जांच : ACP
आसनसोल-दुर्गापुर के ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने कहा कि घायल व्यक्ति अस्पताल में इलाजरत है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह घटना पारिवारिक विवाद का परिणाम है। मामले की गहनतापूर्वक जांच की जा रही है। अभियुक्तों की गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।