गुरु पूर्णिमा पर भूतनाथ दामोदर घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

गंगा स्नान के लिए उमड़ी भीड़
गुरु पूर्णिमा पर भूतनाथ दामोदर घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भूतनाथ दामोदर घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही श्रद्धालुओं का घाट की ओर आना शुरू हो गया और देखते ही देखते पूरा घाट श्रद्धालुओं से भर गया। गंगा स्नान के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने दामोदर नदी में पवित्र डुबकी लगाकर गुरुजनों का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। घाट पर हर तरफ भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों समेत हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने अपने गुरुओं के नाम पर दान-पुण्य किया, तो कई ने गरीबों में प्रसाद और वस्त्र वितरित किए। सुबह से ही घाट पर भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए घाट पर सुरक्षा और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस, सिविल डिफेंस और स्वयंसेवकों की तैनाती से भीड़ को नियंत्रित किया गया। घाट पर बैरिकेडिंग भी की गई थी, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। नहाने आए श्रद्धालुओं का कहना है कि गुरु पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है। इस दिन स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में गुरु कृपा बनी रहती है। गुरु को भगवान से भी बड़ा माना जाता है, इसलिए इस दिन गुरु का पूजन और दर्शन करना सौभाग्य की बात है। दोपहर तक घाट पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। पूरा दिन भूतनाथ दामोदर घाट श्रद्धा, भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News